अंबिकापुर। सरगुजा जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदलने के साथ ही बड़ा हादसा हो गया। धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी ग्राम पंचायत के खुटापारा में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, दो मासूम बच्चे स्कूल मैदान में आम बीनने गए थे। इसी दौरान तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए। वहीं, पास में बैल चरा रहा एक युवक भी बिजली की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने दो बच्चों सहित तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही धौरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद खुटापारा गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। Post Views: 29 Please Share With Your Friends Also Post navigation पति को पत्नी के अफेयर का था शक, बार-बार के उलहाने से तमतमाई बीबी ने पीट-पीटकर मार ही डाला, गिरफ्तार