अंबिकापुर/मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के ग्राम बिछली में चोरी के शक में ग्रामीणों द्वारा दंपती की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी भी घायल हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

देर रात गांव में दिखे दंपती, ग्रामीणों ने जताई चोरी की आशंका

जानकारी के अनुसार मृतक राजकुमार मध्य प्रदेश के सागर जिले के ग्राम पमखेड़ी का निवासी था। उसकी पत्नी परमिला पिछले डेढ़ महीने से अपने बीमार पिता की देखभाल के लिए एमसीबी जिले के ग्राम कठौतिया स्थित मायके में रह रही थी।बताया गया कि 14 जून की रात करीब एक बजे राजकुमार ने शराब के नशे में पत्नी से सागर लौटने की बात कही। पत्नी के मना करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में राजकुमार घर से निकल गया। इसके बाद परमिला भी उसे खोजते हुए निकली और रात करीब तीन बजे ग्राम बिछली में उसे सड़क किनारे बैठा मिला।

ग्रामीणों ने दोनों को घेरकर की पिटाई

इसी दौरान देर रात गांव में दोनों को देखकर कुछ ग्रामीणों को चोरी की आशंका हुई। ग्रामीणों ने दंपती को घेर लिया और पूछताछ के बाद उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में राजकुमार को गंभीर चोटें आईं, जबकि परमिला के चेहरे, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।महिला किसी तरह ग्रामीणों के चंगुल से निकलकर अपने मायके पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम

घटना की सूचना मिलने पर परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। राजकुमार की हालत गंभीर होने पर उसे मनेंद्रगढ़ से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक की पत्नी और परिजनों का बयान दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मारपीट में शामिल ग्रामीणों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!