सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर नगर में दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की उठाईगिरी से सनसनी फैल गई। व्यस्त बाजार और नेशनल हाईवे-43 से सटे इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने ज्वेलरी कारोबारी की स्कूटी से जेवरात से भरा बैग पलक झपकते ही पार कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

दुकान खोलते समय हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक एवं सर्राफा व्यवसायी अरुण सोनी रोज की तरह सुबह करीब 11:30 बजे हाईस्कूल के पास स्थित अपनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग अपनी स्कूटी में टांग रखा था।जैसे ही वह दुकान का शटर खोलने में व्यस्त हुए, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे और कुछ ही सेकंड में बैग लेकर फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

CCTV में कैद हुए आरोपी, नकाबपोश युवती भी जांच के दायरे में

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में वारदात को अंजाम देने वाले संदिग्ध दिखाई दिए हैं। जांच के दौरान एक नकाबपोश युवती की गतिविधियां भी संदिग्ध नजर आई हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसकी इस वारदात में कोई भूमिका थी या नहीं।

पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में

घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की टीम आसपास के मार्गों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

व्यापारियों में आक्रोश, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

दिनदहाड़े करोड़ों रुपये के जेवरात की उठाईगिरी के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि नगर में पहले भी चोरी और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। उन्होंने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!