सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार रात प्रेम संबंध का विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शहर के सबसे संवेदनशील इलाके में स्थित नेहरू पार्क में एक युवक ने अपनी प्रेमिका के गले पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल युवती ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। प्रेम संबंध में विवाद के बाद किया हमला प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8 बजे राधिका राजवाड़े अपने परिचित रितेश राजवाड़े के साथ नेहरू पार्क पहुंची थी। दोनों पार्क में बैठे थे, तभी किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को युवती के किसी अन्य युवक से बातचीत करने का शक था। इसी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने चाकू निकालकर युवती के गले पर कई वार कर दिए। हमले के बाद पार्क में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी रितेश राजवाड़े को पीढ़ा क्षेत्र के यूकेलिप्टस जंगल से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। Post Views: 118 Please Share With Your Friends Also Post navigation सरपंच पुत्र की गिरफ्तारी के विरोध में धरने पर डटे ग्रामीण, 9 घंटे से सड़क जाम… मटन नहीं पकाने पर पत्नी की हत्या करने वाले पति को उम्रकैद