उदयपुर। शासकीय राजकुमार धीरज सिंह महाविद्यालय में शुक्रवार को बीए, बीएससी एवं बीकॉम अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कनिष्ठ छात्र-छात्राओं द्वारा महाविद्यालय के तत्वावधान में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जनभागीदारी अध्यक्ष राधेश्याम सिंह ठाकुर एवं अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर वंदना पांडे ने की। कार्यक्रम की शुरुआत सरगुजिहा पारंपरिक परिधान में सजे अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत से हुई। स्वागत गीत एवं तालियों की गूंज के बीच विद्यार्थियों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद मां सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की गई। मुख्य अतिथि राधेश्याम सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि महाविद्यालय जीवन युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य विकास का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इसी परिवेश में विद्यार्थी देश-दुनिया की वास्तविक समझ विकसित करते हैं और समाज व राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बनते हैं। उन्होंने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को सफल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रोफेसर वंदना पांडे ने कहा कि विदाई जीवन का ऐसा महत्वपूर्ण क्षण है, जो एक अध्याय के समापन के साथ नए अवसरों की शुरुआत का संकेत देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष के मार्ग पर चलते हुए सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपने कॉलेज जीवन के अनुभव साझा किए तथा भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। वहीं कनिष्ठ विद्यार्थियों ने वरिष्ठों से मिले मार्गदर्शन और सहयोग को याद करते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त की। इसके बाद सभी विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम की अंतिम कड़ी में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत एवं स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। भावपूर्ण विदाई गीत के साथ समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी संकायों के छात्र-छात्राओं सहित समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। Post Views: 29 Please Share With Your Friends Also Post navigation BIG ब्रेकिंग: आकाशीय बिजली से 14 मवेशियों की मौत, इलाके में मचा हड़कंप…