कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र स्थित मीरा रिसोर्ट में शुक्रवार देर रात आयोजित एक बर्थडे पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। पार्टी के दौरान हुए विवाद में दीपका निवासी युवक उज्जवल सिंह की कैंपर वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुषार ढांढा वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपका क्षेत्र के ट्रांसपोर्टर विकास कुमार हुडा का जन्मदिन मनाने के लिए करीब 20 से 25 युवक शुक्रवार रात उरगा थाना क्षेत्र के मीरा रिसोर्ट पहुंचे थे। पार्टी में शामिल अधिकांश युवक कोयला परिवहन व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान शराब का अत्यधिक सेवन किया गया था। देर रात किसी मामूली बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी तुषार ढांढा नशे की हालत में रिसॉर्ट में तोड़फोड़ करने लगा और वहां मौजूद लोगों से भी विवाद करने लगा।

विवाद बढ़ने के दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया। इसी बीच आरोपी तुषार ढांढा ने कैंपर वाहन तेज रफ्तार से चलाते हुए उज्जवल सिंह को कुचल दिया। वाहन की चपेट में आने से उज्जवल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी कैंपर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी तुषार ढांढा के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। पुलिस पार्टी में मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का पूरा पता लगाया जा सके।

इस सनसनीखेज घटना के बाद दीपका और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!