रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर को लेकर सियासत गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा है। महंत ने स्मार्ट मीटर के नाम पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। डॉ. महंत का दावा है कि कई मामलों में घर के सभी बिजली उपकरण बंद होने के बावजूद स्मार्ट मीटर में यूनिट बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कुछ उपभोक्ताओं के बिजली बिल दो से चार गुना तक बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि किसी बंद घर में भी मीटर की रीडिंग लगातार बढ़ रही है, तो इसे महज सामान्य तकनीकी खामी मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्मार्ट मीटर की सॉफ्टवेयर प्रोग्रामिंग में सुनियोजित गड़बड़ी की आशंका जताई है। महंत ने मुख्यमंत्री से स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली और बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने पूरे मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जरूरत बताई है। स्मार्ट मीटर को लेकर लगाए गए इन आरोपों पर बिजली विभाग या सरकार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी। Post Views: 6 Please Share With Your Friends Also Post navigation 9 सितंबर को होगी साय कैबिनेट की बैठक, महत्वपूर्ण फैसलों पर रहेगी नजर सरकारी नौकरी के बावजूद ले रहीं थीं महतारी वंदन योजना का लाभ, बस्तर में 5925 महिलाओं के नाम हटे