गरियाबंद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। छुरा थाना क्षेत्र के डोंगरीपानी गांव में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला और एक नाबालिग समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, छुरा थाना क्षेत्र के कांदगड़ी के आश्रित ग्राम डोंगरीपानी में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलने पर गुरुवार देर रात आठ पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही आरोपियों और कुछ ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस दल पर हमला कर दिया। अचानक हुए हंगामे के चलते गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस टीम को फिलहाल वापस लौटना पड़ा।

घटना के बाद शुक्रवार सुबह जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांव में दबिश देकर चार पुरुष, एक महिला और एक नाबालिग सहित कुल छह लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस अब हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

सहायक उप निरीक्षक यदुराज की शिकायत पर पुलिस ने नामजद और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 115(2), 121(1), 132, 191(2), 191(3), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!