कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रेम विवाह के बाद पत्नी के मायके चले जाने से परेशान एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि उसके दोस्त ने अपने भाई के साथ मिलकर उसके घर पहुंचकर विवाद किया, मारपीट की, गला दबाया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सात महीने पहले किया था प्रेम विवाह
पसान थाना क्षेत्र के ग्राम बहरीझोरखी निवासी सुकसेन केरकेट्टा ने पुलिस को बताया कि करीब सात महीने पहले उसने ग्राम कटकोना निवासी ज्योति मिंज से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों साथ रह रहे थे। इस दौरान उसका दोस्त रामदुलार अक्सर घर आता-जाता था और उसकी पहचान सुकसेन की पत्नी से भी हो गई थी।

पत्नी के मायके जाने के बाद बढ़ा विवाद
शिकायत के अनुसार, करीब दो महीने पहले उसकी पत्नी अपने मायके चली गई। सुकसेन उसे वापस लाने के लिए दो-तीन बार कटकोना गया, लेकिन वह वापस नहीं लौटी।

घर पहुंचकर मारपीट और गला दबाने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि 19 जुलाई की शाम करीब पांच बजे रामदुलार अपने भाई रामकुमार के साथ उसके घर पहुंचा। पत्नी को वापस लाने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। शिकायत के मुताबिक, गाली-गलौज के बाद दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, गला दबाया और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। घटना में युवक के गले में चोट आई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पसान पुलिस ने सुकसेन केरकेट्टा की शिकायत पर आरोपित रामदुलार और रामकुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!