जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 16 दिन पहले जिस शादी ने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थीं, उसी मामले में अब बड़ा मोड़ आ गया है। शादी के दिन दूल्हे के कथित रूप से शराब के नशे में होने पर विवाह से इनकार करने वाली युवती मुस्कान ने अब उसी युवक संतराम से हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली है। दोनों ने दावा किया है कि 23 जून को जो कुछ हुआ था, वह एक साजिश का हिस्सा था।

मनका दाई मंदिर में की शादी

जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई की सुबह मुस्कान महिला परिवार परामर्श केंद्र पहुंची थीं। दोपहर में वहां से निकलने के बाद वह अपने घर नहीं गईं, बल्कि सीधे खोखरा गांव स्थित मनका दाई मंदिर पहुंचीं। यहां संतराम और उसके परिजनों की मौजूदगी में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।

परिजनों ने दर्ज कराई सूचना

शाम तक मुस्कान के घर नहीं लौटने और मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान संतराम के घर पर हैं।

सीएसपी योगिता खापर्डे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पूछताछ में मुस्कान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से संतराम से विवाह किया है और अब वह उसी के साथ रहना चाहती हैं।

23 जून को बनी थी पूरे प्रदेश में चर्चा

23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में मुस्कान ने कथित रूप से शराब के नशे में बारात लेकर पहुंचे संतराम से शादी करने से इनकार कर दिया था। इस फैसले की पूरे प्रदेश में चर्चा हुई थी।

उस समय जांजगीर-चांपा के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान के फैसले की सार्वजनिक रूप से सराहना की थी। इतना ही नहीं, उन्हें महिला परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।

अब दोनों का दावा- साजिश थी पूरा मामला

अब शादी के बाद मुस्कान और संतराम का कहना है कि शादी वाले दिन दूल्हे के नशे में होने की बात और पूरा विवाद एक साजिश का हिस्सा था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। फिलहाल, दोनों की शादी के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!