रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर नकटी भूमि विवाद को लेकर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि नकटी में विधायक कॉलोनी बनाने का कोई प्रस्ताव नहीं है और जिस जमीन को लेकर विवाद हो रहा है, वह फिलहाल गृह निर्माण मंडल के कब्जे में भी नहीं है।

‘जमीन अभी हाउसिंग बोर्ड के पास नहीं’
अनुराग सिंह ने बताया कि नकटी की जिस जमीन पर विवाद है, वह वर्तमान में राजस्व विभाग के अधीन है। उन्होंने कहा कि गृह निर्माण मंडल को अब तक यह भूमि हस्तांतरित नहीं की गई है, इसलिए विधायक कॉलोनी बनाए जाने की चर्चाओं का कोई आधार नहीं है।

अतिक्रमण को लेकर दी जानकारी
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में लगभग 3 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण था, जबकि 2023-24 के दौरान शेष भूमि पर भी अतिक्रमण किया गया। उनके अनुसार कई लोगों ने करीब 29 हजार वर्गफीट तक सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था।

अनुराग सिंह ने कहा कि हाईकोर्ट भी संबंधित भूमि को शासकीय भूमि मान चुका है, इसलिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेसवार्ता के दौरान गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष ने कांग्रेस पर जनभावनाएं भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है और बलौदाबाजार जैसी स्थिति पैदा करना चाहती है।

छेरीखेड़ी का भी किया जिक्र
अनुराग सिंह ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में छेरीखेड़ी क्षेत्र से करीब 150 कब्जाधारियों को हटाया गया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय 61 विधायकों को छेरीखेड़ी में जमीन आवंटित की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि उस दौरान हुए आंदोलन में एक किसान की मौत भी हुई थी।

विवाद पर राजनीति तेज
नकटी भूमि विवाद को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। एक ओर सरकार इसे अतिक्रमण हटाने की वैधानिक कार्रवाई बता रही है, वहीं विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने में जुटा है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!