मनेन्द्रगढ़। गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र में रविवार देर रात एक जंगली हाथी के हमले ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सड़क निर्माण कार्य में जुटे श्रमिकों पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले देवसील गांव की आगे बस्ती में सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। दिनभर काम करने के बाद श्रमिक रात में आग जलाकर भोजन कर रहे थे और वहीं अस्थायी कैंप के पास आराम कर रहे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से एक हाथी अचानक वहां पहुंच गया और श्रमिकों पर हमला कर दिया।

हाथी के हमले में गौरव (22 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमर सिंह (35 वर्ष) को इलाज के लिए सोनहत अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गुरु घासीदास तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की टीम और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से हाथियों की गतिविधियां आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास बढ़ गई हैं, जिससे ग्रामीणों और मजदूरों में लगातार भय बना हुआ है। वन विभाग हाथी की निगरानी कर रहा है और आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!