रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जबरन धर्म परिवर्तन, मानसिक प्रताड़ना और बच्चों से कथित रूप से देश विरोधी नारे लगवाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ महिला थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए सुरक्षा की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है।

महिला थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़िता मूल रूप से कोरबा जिले की रहने वाली है। उसका आरोप है कि करीब पांच वर्ष पहले रायगढ़ के इंदिरा नगर निवासी मोहम्मद वसीम रंगरेज ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे विवाह किया था। शादी के बाद धीरे-धीरे उसे इस्लाम धर्म स्वीकार करने और कलमा पढ़ने के लिए लगातार दबाव बनाया जाने लगा।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की जा रही थी। महिला ने शिकायत में कहा है कि उसके दो बच्चे हैं और बच्चों के जन्म के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार और अधिक प्रताड़नापूर्ण हो गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके बच्चों से “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे नारे लगवाए जाते थे, जिसका उसने विरोध किया।

महिला ने पूरे मामले से जुड़े कुछ वीडियो क्लिप भी पुलिस को सौंपे हैं। महिला का दावा है कि इन वीडियो में उसका पति बच्चों से कथित रूप से देश विरोधी बातें कहलवाता दिखाई दे रहा है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

पीड़िता अपने दोनों बच्चों के साथ महिला थाना पहुंची और सुरक्षा की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला का पति मोहम्मद वसीम रंगरेज चार दिन पहले ही गांजा तस्करी के एक मामले में जेल भेजा गया है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने हाल ही में बीड़पारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इरशाद खान के मकान से छह पैकेट गांजा बरामद किया था।

इस कार्रवाई में इरशाद खान के साथ मोहम्मद वसीम रंगरेज को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।

अब महिला द्वारा लगाए गए नए आरोपों के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या महिला के आरोपों का संबंध किसी संगठित गतिविधि से है या यह पारिवारिक विवाद का हिस्सा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!