रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था में हलचल तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में भाजपा नेत्री एवं मंडी सदस्य मोनिका सिंह और उनके पति ऋतुपर्ण सिंह शादी समारोह के दौरान कथित तौर पर बंदूक से हवाई फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक यह वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है और रायपुर में आयोजित एक शादी समारोह का है। वीडियो में बारात के दौरान खुशी के माहौल में कथित तौर पर हर्ष फायरिंग की जा रही है। वायरल फुटेज में मोनिका सिंह और उनके पति ऋतुपर्ण सिंह एक ही बंदूक से अलग-अलग बार फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। समारोह में मौजूद अन्य लोग भी इस दौरान जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही मामला तेजी से चर्चा में आ गया। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब राजधानी रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू है और हर्ष फायरिंग पर स्पष्ट प्रतिबंध है, तब खुलेआम इस तरह की घटना कैसे हो गई। इससे पुलिस व्यवस्था और कानून के पालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया जा रहा है कि मोनिका सिंह और उनके पति ऋतुपर्ण सिंह का संबंध राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोगों से है। सूत्रों के अनुसार दोनों को अकलतरा के पूर्व विधायक सौरभ सिंह का करीबी माना जाता है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग आरोप लगा रहे हैं कि सत्ता से जुड़े होने के कारण पुलिस कार्रवाई में देरी हो रही है।

वहीं यह भी जानकारी सामने आ रही है कि ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं। ऐसे में सरकारी कर्मचारी द्वारा हथियार के उपयोग और कथित हर्ष फायरिंग को लेकर भी बहस छिड़ गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जिस हथियार का उपयोग किया गया, वह लाइसेंसी था या नहीं।

घटना के बाद पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। न ही किसी प्रकार की एफआईआर या कानूनी कार्रवाई की पुष्टि की गई है। यही कारण है कि मामले को लेकर लोगों में नाराजगी और सवाल दोनों बढ़ते जा रहे हैं।

कानून विशेषज्ञों का कहना है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं गंभीर हादसों का कारण बन सकती हैं। कई बार शादी और जश्न के दौरान की गई फायरिंग में लोगों की जान तक जा चुकी है। इसी वजह से देश के कई राज्यों में इस पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!