रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बड़ी चोरी की घटना ने पुलिस प्रशासन और व्यापारिक वर्ग में हड़कंप मचा दिया है। शहर में दो अज्ञात युवकों ने देर रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। बताया जा रहा है कि चोरी की यह घटना शनिवार देर रात की है, जिसमें आरोपी बाइक से पहुंचे थे। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। CCTV फुटेज में दो युवक संदिग्ध गतिविधियों के साथ दुकान के आसपास घूमते और बाद में चोरी करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में यह भी देखा गया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से दुकान में दाखिल हुए और कुछ ही समय में बड़ी मात्रा में जेवरात लेकर फरार हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दुकान के भीतर जेवर रखने के लिए कोई मजबूत लॉक सिस्टम नहीं था। सोने-चांदी के अधिकांश जेवर खुले लॉकर में रखे गए थे, जिसका फायदा चोरों ने आसानी से उठा लिया। घटना के बाद एक और बड़ा सवाल इस बात को लेकर उठ रहा है कि चोरी की जानकारी पुलिस को दो दिन बाद क्यों दी गई। सूत्रों के मुताबिक घटना शनिवार रात की थी, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को काफी देर से दी गई। इससे जांच की शुरुआती प्रक्रिया प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की इस वारदात का तरीका हाल ही में रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में हुई चोरी की घटना से काफी मिलता-जुलता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, नॉर्थ डीसीपी मयंक गुर्जर, क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला समेत एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम दुकान के भीतर और आसपास से फिंगरप्रिंट तथा अन्य सबूत जुटाने में लगी हुई है। व्यापारिक संगठनों ने इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ज्वेलरी कारोबारियों का कहना है कि लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। Post Views: 17 Please Share With Your Friends Also Post navigation छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी गर्मी, अगले 48 घंटे में मौसम बदलेगा; रायपुर में छाएंगे बादल, अंधड़-बिजली का अलर्ट