रायपुर। राजधानी रायपुर में मंत्रालय में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 23 लाख रुपए की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शातिर ठग दंपती ने एक कारोबारी को मंत्रालय में सरकारी नौकरी लगाने ठगी का शिकार बनाया है। आरोप है कि ठग दंपति ने कारोबारी को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर रकम ऐंठने के बाद बकायदा फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया था। जांच के बाद ठगी का शिकार होने पर अब पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज करायी है।

जानकारी के मुताबिक ठगी का ये मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।बताया जा रहा है कि रायपुरा स्थित शिवोम विहार कॉलोनी निवासी आकाश साहू गाड़ी खरीदी-बिक्री का कारोबार करता है। आकाश ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान साथी जितेंद्र बघेल के माध्यम से विश्वनाथ गुप्ता उर्फ विष्णु गुप्ता से हुई थी। आरोपी खुद को बड़े नेताओं और मंत्रालय के अधिकारियों का करीबी बताकर प्रभाव जमाता था। पीड़ित के अनुसार अगस्त 2024 में विश्वनाथ गुप्ता उसे नवा रायपुर स्थित मंत्रालय लेकर गया।

जहां उसकी मुलाकात आरोपी की पत्नी चंदा गुप्ता से कराई गई। दोनों ने दावा किया कि मंत्रालय और जल संसाधन विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर समेत कई पद खाली हैं और वे आसानी से नौकरी लगवा सकते हैं। आरोपियों की बातों में आकर आकाश साहू ने अपनी पत्नी रेशमी साहू, रिश्तेदार शेषनारायण साहू और रविशंकर साहू के लिए आवेदन भरवाया। इसके बाद आरोपी दंपती ने अलग-अलग तारीखों में फोन-पे और नकद के जरिए करीब 23 लाख रुपए ले लिए।

पीड़ित ने बताया कि दिसंबर 2024 में आरोपियों ने मोबाइल पर कथित नियुक्ति पत्र भेजा। इसके बाद जनवरी 2025 में व्हाट्सएप के जरिए इम्प्लॉय आईडी भी भेजी गई। जब आकाश अपनी पत्नी और रिश्तेदारों को लेकर मंत्रालय पहुंचा, तब अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच कर उन्हें पूरी तरह फर्जी बताया। फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर पीड़ित ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी दंपती ने मंत्रालय में “छापा पड़ने” का बहाना बनाकर कुछ महीने इंतजार करने की बात कही।

बाद में दोनों के मोबाइल बंद आने लगे। आकाश साहू जब आरोपियों के पत्थलगांव स्थित घर पहुंचा, तब वहां आरोपी की पत्नी मिली, जिसने जल्द पैसे लौटाने का आश्वासन दिया। लेकिन तय समय बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने डीडी नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। डीडी नगर थाना के विवेचना अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!