रायपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फर्जी नियुक्ति आदेश जारी कर लोगों को अपना शिकार बना रहे थे। आरोपियों ने नवा रायपुर स्थित सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) मंत्रालय में विभिन्न पदों पर भर्ती का झूठा दावा कर करीब 34 लोगों से लगभग 1.5 करोड़ रुपये की ठगी की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने बेहद शातिर तरीके से फर्जी नियुक्ति आदेश तैयार किए थे, जिनमें विभाग के सचिव और उप-सचिव के डिजिटल हस्ताक्षर तक शामिल किए गए थे। इन दस्तावेजों को असली दिखाने के लिए उच्च स्तर की तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद इन आदेशों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, खासकर व्हाट्सएप के जरिए वायरल कर संभावित उम्मीदवारों तक पहुंचाया गया। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राजेश शर्मा एक शासकीय शिक्षक है, जबकि दूसरा आरोपी मनोज कुमार श्रीवास्तव एक निजी स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। दोनों मूलतः डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव के निवासी हैं। आरोपियों ने बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का लालच देकर उनसे मोटी रकम वसूली। पीड़ितों ने जब नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी महसूस की और उन्हें नौकरी नहीं मिली, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही रायपुर ग्रामीण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कंप्यूटर सेट (मॉनिटर, सीपीयू, कीबोर्ड, माउस) और प्रिंटर जब्त किया है, जिनका इस्तेमाल फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया जाता था। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इस नेटवर्क के और भी तार जुड़ सकते हैं। इस मामले में थाना राखी में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(2), 336(3), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस ठगी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या यह गिरोह अन्य जिलों में भी सक्रिय था। Post Views: 20 Please Share With Your Friends Also Post navigation कोर्ट ने पिता-पुत्र को सुनाई 10-10 की जेल की सजा, दशगात्र के कार्यक्रम में तलवार से किया था हमला… शासन ने की डीन की नियुक्ति,अस्थायी संचालन के लिए लाइवलीहुड कॉलेज भवन व जिला चिकित्सालय का हो रहा उन्नयन