रायपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई लूट की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। ग्राम केंद्री बस स्टॉप के पास दो अज्ञात युवकों ने एक सरकारी कर्मचारी को निशाना बनाते हुए उसके साथ मारपीट की और सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित आकाश कुमार तिवारी (38) गरियाबंद में आबकारी विभाग में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। 2 मई की रात वे ड्यूटी के बाद अपने एक परिचित के घर राजिम गए थे। वहां भोजन करने के बाद वे करीब 11:30 बजे वापस रायपुर लौट रहे थे।

रास्ते में ग्राम केंद्री बस स्टॉप पर वे कुछ देर विश्राम के लिए यात्री प्रतीक्षालय में बैठ गए। इसी दौरान रात लगभग 12:30 बजे अभनपुर की ओर से पल्सर बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और पीड़ित से बातचीत करने लगे।

माचिस मांगने के बहाने बनाया शिकार

पहले युवकों ने पीड़ित से माचिस मांगी और फिर अचानक उन पर गांजा रखने का आरोप लगाने लगे। इसके बाद दोनों ने जबरन उनकी तलाशी लेना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और पास के खेत की ओर घसीट ले गए।

खेत में ले जाकर दी जान से मारने की धमकी

खेत में ले जाकर आरोपियों ने पीड़ित को जमीन पर गिरा दिया और जान से मारने की धमकी दी। डर के माहौल में उन्होंने पीड़ित के हाथ की दो सोने की अंगूठियां और गले की चेन छीन ली। लूटे गए जेवरों की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है।

घटना के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते पीड़ित आरोपियों का विरोध नहीं कर सका।

घटना के बाद पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा और 3 मई को अभनपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और संदिग्ध बाइक सवार युवकों की पहचान करने की कोशिश में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला सुनियोजित लूट का प्रतीत हो रहा है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!