मुंगेली। मुंगेली जिले के लोरमी में सोमवार दोपहर आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के पूर्व प्रदेश प्रभारी व राज्य सभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हाल ही में उनके आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने से नाराज कार्यकर्ता उनके बटहा स्थित घर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने घर की दीवार पर ‘गद्दार’ लिखकर अपना विरोध जताया। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की गई हैं, जो अब तेजी से वायरल हो रही हैं। दरअसल, संदीप पाठक आम आदमी पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में गिने जाते रहे हैं। अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाने वाले पाठक ने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के रूप में कई राज्यों में संगठन खड़ा करने और चुनावी रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभाई है। छत्तीसगढ़ में भी उन्हें करीब एक साल पहले प्रभारी बनाकर संगठन विस्तार और नए चेहरों को जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पाठक का पार्टी छोड़ना छत्तीसगढ़ में AAP के संगठनात्मक ढांचे के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। उनकी रणनीति और कार्यकर्ताओं पर पकड़ के चलते पार्टी को राज्य में मजबूती मिलने की उम्मीद थी। लेकिन अब उनके बीजेपी में जाने से राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। आपको बता दे संदीप पाठक ने साल 2016 में आम आदमी पार्टी के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखा था। खासतौर पर 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP की ऐतिहासिक जीत के पीछे उनकी रणनीति को अहम माना जाता है। इसी के बाद उन्हें अप्रैल 2022 में पंजाब से राज्यसभा सांसद बनाया गया और बाद में राष्ट्रीय संगठन महासचिव की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। लेकिन इसी बीच हुए राजनीतिक उठा-पटक और बीजेपी जाॅइन करने को लेकर अब आप पार्टी के लोग ही उनका जमकर विरोध कर रहे है। लोरमी में हुए इस विरोध प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि उनके पार्टी छोड़ने से कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है, जिसका असर आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है। Post Views: 15 Please Share With Your Friends Also Post navigation होली की आड़ में पालतू कुत्ते को प्रताड़ित करने वाले दो युवकों पर दर्ज हुई FIR