महासमुंद। अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक यात्री बस से लाखों रुपये कीमत के चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। जब्त किए गए जेवरात का कुल वजन 18.590 किलोग्राम और अनुमानित बाजार मूल्य 46 लाख 68 हजार रुपये बताया जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को रेहटीखोल नाका (NH-353) पर सीमावर्ती क्षेत्रों से आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही ‘श्री श्याम ट्रैवल्स’ की बस को रोका गया। बस की तलाशी के दौरान एक यात्री के पास संदिग्ध बैग पाया गया, जिसकी जांच करने पर यह पूरा मामला सामने आया।

पूछताछ में यात्री ने अपना नाम राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58 वर्ष) निवासी कटक, ओडिशा बताया। उसके पास मौजूद नीले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर तीन प्लास्टिक के डिब्बों में रखे 600 नग चांदी के पायल बरामद किए गए। इनका कुल वजन 18.590 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस ने जब आरोपी से इन जेवरात के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 94 के तहत नोटिस दिया गया। लिखित में दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने के कारण पुलिस ने धारा 106 के तहत कार्रवाई करते हुए सभी जेवरात को जब्त कर लिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जब्त सामग्री की जानकारी आयकर विभाग और राजस्व खुफिया निदेशालय, छत्तीसगढ़ को भेज दी है, ताकि आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों और सीमावर्ती क्षेत्रों से होने वाले अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई को उसी अभियान का हिस्सा बताया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!