बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में खाकी को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां रतनपुर थाना में अपने केस की स्थिति जानने आये एक शख्स के साथ थाने में मौजूद एएसआई ने न केवल मारपीट कर दी, बल्कि उसे जेल भेजने की धमकी तक दे दी। उधर इस घटना की शिकायत के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही एएसआई के खिलाफ थाने में मारपीट का अपराध दर्ज करने का आदेश भी दिया है।

जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम रतनपुर थाना का है। बताया जा रहा है कि रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को दोपहर करीब 2ः30 बजे अपने केस की जांच रिपोर्ट की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। उन्होंने एएसआई से कोर्ट में रिपोर्ट पेश करने का निवेदन किया। जिस पर एएसआई दिनेश तिवारी भड़क गया और कथित तौर पर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान एएसआई ने उसे धमकाते हुए कहा…..बड़ा नेता है क्या, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, जेल भिजवा दूंगा।

इस दौरान एएसआई ने उस पर 15-20 थप्पड़ जड़ दिये। घटना के वक्त थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में एएसआई द्वारा पैसे की मांग की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी और ट्रेनी आईपीएस अंशिका जैन ने एसएसपी रजनेश सिंह को इस घटना से अवगत कराया।

वहीं पीड़ित ने भी सीधे SSP से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से एएसआई दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही पीड़ित की शिकायत पर उसी थाने में आरोपी एएसआई के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। बिलासपुर जिले में घटित इस घटना के पीड़ित ने खुद को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का रिश्तेदार बताया है। अब इस पूरे मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली और थानों में आम नागरिकों के साथ व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!