बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने एक बड़े ठगी के मामले का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी रविन्द्र कुमार देव, जो बिहार के दरभंगा जिले के ग्राम माधोपुर का निवासी है, खुद को ‘गोरखनाथ शक्ति बाबा’ बताकर लोगों को तंत्र-मंत्र के जरिए समस्याएं हल करने का झांसा देता था। इसी बहाने उसने एक ग्रामीण परिवार से लाखों रुपये की ठगी की।

यह पूरा मामला साजा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया का है। यहां रहने वाले 57 वर्षीय भागवत साहू अपनी बेटी के ससुराल में चल रहे पारिवारिक विवाद से परेशान थे। इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए ग्राम मोहतरा निवासी जालम दास कोशले ने उनकी मुलाकात आरोपी से कराई। आरोपी ने खुद को तांत्रिक बताकर दावा किया कि वह उनके घर में मौजूद ‘पाती’ (दोष) को दूर कर सकता है और परिवार की समस्याओं का समाधान कर देगा।

ठगी का यह सिलसिला 10 फरवरी 2026 से शुरू हुआ। आरोपी ने तंत्र-मंत्र के नाम पर घर के चारों कोनों में कुछ सामग्री गाड़ने का नाटक किया और धीरे-धीरे किस्तों में प्रार्थी से 1,63,800 रुपये नकद वसूल लिए। पीड़ित परिवार आरोपी के झांसे में पूरी तरह आ चुका था और उसकी बातों पर भरोसा कर रहा था।

मामला तब और गंभीर हो गया जब 27 फरवरी को प्रार्थी की अनुपस्थिति में आरोपी ने उसकी पत्नी और बेटी को अपने झांसे में लिया। ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर उसने 33.9 ग्राम सोना, जिसमें मंगलसूत्र, झुमके और लॉकेट शामिल थे, साथ ही 13 तोला चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया। कुल मिलाकर आरोपी ने करीब 6.63 लाख रुपये की ठगी की।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपी की तलाश में टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने ठगी से मिली नकदी से अपना पुराना कर्ज चुका दिया और बाकी रकम खर्च कर दी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी के सभी जेवरात, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद कर लिए हैं। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!