अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में हुए बहुचर्चित निर्भया हत्याकांड मामले में पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा किया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। अब आरोपी से पूछताछ में सामने आई जानकारी ने घटना की भयावहता और भी बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के महामाया मंदिर मुख्य द्वार के पास रिंग रोड किनारे एक झोपड़ीनुमा मटन दुकान के पास 3 अप्रैल की सुबह एक महिला का खून से लथपथ शव मिला था। प्रथम दृष्टया ही यह स्पष्ट हो गया था कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई।

घटना के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। करीब 8 दिनों की तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी मिथुन उर्फ पंडा को चिरमिरी के हल्दीबाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन से नागपुर की ओर भागा और फिर चिरमिरी पहुंचकर एक रिश्तेदार के यहां छिपकर ईंट भट्ठे में मजदूरी करने लगा था। पुलिस ने उसे संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए पकड़ा, जिसके बाद उसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला है। आरोपी ने बताया कि उसका मृत महिला के साथ पिछले 6 वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों साथ में रहकर कबाड़ बीनने का काम करते थे। आरोपी को लंबे समय से शक था कि महिला का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है। इसी शक को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हुआ था।

घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने पहले महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर पत्थर से कुचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी इस क्रूरता की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के अनुसार महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले, 12 पसलियां टूटी हुई थीं, सिर की हड्डियां क्षतिग्रस्त थीं और गला दबाने के भी संकेत मिले हैं। इतना ही नहीं, महिला के साथ अमानवीय कृत्य भी किया गया था, जिसने इस अपराध को और भी भयावह बना दिया।

पुलिस अब उस व्यक्ति से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, जिसके साथ महिला के संबंध होने का आरोपी को शक था। साथ ही घटना का क्राइम सीन री-क्रिएशन भी कराया गया है, ताकि पूरे घटनाक्रम को स्पष्ट रूप से समझा जा सके। इस जघन्य घटना को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश देखा गया था। लोगों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!