दुर्ग। दुर्ग के खुर्सीपार इलाके में स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर लेने पहुंचे एक ग्राहक के साथ बाउंसरों ने मारपीट कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाउंसर ग्राहक के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उसे खींचते नजर आ रहे हैं। इस घटना से मौके पर मौजूद अन्य ग्राहकों में भी आक्रोश फैल गया। जानकारी के मुताबिक ये पूरा घटनाक्रम भिलाई के खुर्सीपारा क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में संचालित शताक्षी गैस एजेंसी में बुधवार सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी संचालक ने बाउंसर तैनात कर रखे थे। इसी दौरान लाइन में खड़े एक युवक और बाउंसर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि बाउंसरों ने युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अन्य ग्राहकों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौजूद लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं गैस एजेंसी के प्रबंधक ने पूरे मामले पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और मीडिया से दूरी बनाए रखी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी में अक्सर अव्यवस्था बनी रहती है और ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है। लोगों ने प्रशासन से व्यवस्था सुधारने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। Post Views: 17 Please Share With Your Friends Also Post navigation चोरी और लूट के 2 मामलों में की कार्रवाई बेटी ने घर से चुराए गहने महिला से चेन झपटने वाला गिरफ्तार