रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में सूरजपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। इस दौरान विधायक भूलन सिंह मरावी ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल खड़े करते हुए अस्पताल में स्वीकृत और रिक्त पदों की जानकारी मांगी। विधायक मरावी ने कहा कि जिला अस्पताल जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में डॉक्टरों की उपलब्धता बेहद जरूरी है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आती है। उन्होंने सरकार से पूछा कि अस्पताल में कुल कितने पद स्वीकृत हैं और वर्तमान में कितने डॉक्टर कार्यरत हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि रिक्त पदों को भरने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। इस पर जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सदन को जानकारी दी कि सूरजपुर जिला अस्पताल में कुल 16 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 14 पदों पर वर्तमान में डॉक्टर कार्यरत हैं और 2 पद रिक्त हैं। उन्होंने कहा कि विभाग इन रिक्त पदों को भरने की दिशा में प्रयास कर रहा है। हालांकि, विधायक मरावी ने मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि वास्तविक स्थिति इससे अधिक गंभीर है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के 6 डॉक्टर पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) की पढ़ाई के लिए गए हुए हैं और एक डॉक्टर निलंबित है। इस तरह से अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध नहीं हैं, जिससे मरीजों को इलाज में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरावी ने कहा कि कागजों में भले ही पद भरे हुए दिख रहे हों, लेकिन वास्तविकता यह है कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आश्वासन दिया कि डॉक्टरों की उपलब्धता के अनुसार जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत होगी, वहां डॉक्टरों को अटैच किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जिला अस्पतालों में संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता में है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूरजपुर जिला अस्पताल में भी जल्द स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा। Post Views: 21 Please Share With Your Friends Also Post navigation वर्दी की मर्यादा हुई तार-तार, पुलिसकर्मी ने बीच रोड में की घटिया हरकत… देखकर दंग रह जाएंगे आप छत्तीसगढ़ के इस जिले में SP की बड़ी कारवाई: थाने के 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड…