अंबिकापुर। अंबिकापुर में एक ई-रिक्शा के शो रूम में आग लग जाने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शहर के रामानुजगंज रोड पर स्थित केन गुप्ता एजेंसी में आज दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखे ई-रिक्शा की बैटरियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान, डीजे साउंड सिस्टम, एम्पलीफायर और कई अन्य पार्ट्स जलकर खाक हो गए। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रामानुजगंज रोड पर नेशनल हाईवे 343 के किनारे मयूरी ई-रिक्शा की एजेंसी संचालित होती है। इसी परिसर में केन गुप्ता एजेंसी में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा से जुड़े पार्ट्स के साथ डीजे साउंड सिस्टम और एम्पलीफायर भी रखे हुए थे। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे दुकान के अंदर अचानक आग भड़क उठी। आग कुछ ही मिनटों में तेजी से फैल गई और दुकान में रखे साउंड बॉक्स, एम्पलीफायर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान उसकी चपेट में आ गए। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या बैटरी चार्जिंग के दौरान बैटरी फटने से आग लगी होगी। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, लेकिन दुकान के अंदर सुलगती आग को पूरी तरह बुझाने का प्रयास जारी रहा। आगजनी की वजह से मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के कारण सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर एडिशनल एसपी अमोलक सिंह समेत पुलिस अधिकारी भी पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर बड़े वाहनों के लिए कुछ समय के लिए रूट डायवर्ट कर दिया। इस आगजनी में दुकान में रखे एम्पलीफायर, साउंड सिस्टम और ई-रिक्शा के पार्ट्स को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का सटीक आंकलन नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। Post Views: 30 Please Share With Your Friends Also Post navigation नाबालिग के हाथ पैर बांधकर बनाया उसे हवस का शिकार, जो आरोपी था… छत्तीसगढ़ के इस जिले का मामला 6 साल की मासूम से दुष्कर्म, आक्रोशित महिलाएं सड़क पर उतरी, फांसी की मांग…