CG में मेडिकल शिक्षा को नई उड़ान – NMC ने दी 61 नई पीजी सीटों की मंजूरी, अब राज्य में कुल 377 शासकीय मेडिकल पीजी सीटें उपलब्ध

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने राज्य के विभिन्न शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में एमडी-एमएस (स्नातकोत्तर) पाठ्यक्रमों के लिए 61 नई सीटों की स्वीकृति प्रदान की है।

आयुक्त चिकित्सा शिक्षा विभाग शिखा राजपूत तिवारी ने बताया कि इन नई सीटों की स्वीकृति के बाद राज्य में अब कुल 377 शासकीय पीजी सीटें उपलब्ध हो गई हैं, जो पहले 316 थीं। इसके अलावा निजी महाविद्यालयों में 186 सीटें हैं।

नई स्वीकृत सीटों का कॉलेजवार वितरण —

  • छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान, बिलासपुर – 21 सीटें
  • भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, राजनांदगांव – 7 सीटें
  • स्व. बलिराम कश्यप स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, जगदलपुर – 8 सीटें
  • स्व. लखी राम अग्रवाल स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायगढ़ – 12 सीटें
  • स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, कोरबा – 13 सीटें

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह राज्य की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा, “नई पीजी सीटों की स्वीकृति से छत्तीसगढ़ में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं आम जनता तक पहुंचेंगी। यह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का परिणाम है।”

राज्य सरकार का मानना है कि इन नई सीटों से मेडिकल शिक्षा को नई दिशा मिलेगी, साथ ही शासकीय अस्पतालों में विशेषज्ञ सेवाएं और अधिक सुलभ व गुणवत्तापूर्ण होंगी।

छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा का दायरा लगातार बढ़ रहा है — अब हर क्षेत्र में विशेषज्ञता और सेवा दोनों का विस्तार राज्य की प्राथमिकता है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!