रायपुर/अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में तालाब किनारे मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने महज दो दिनों में सुलझा ली है। मामले की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि युवक की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी ने ही की थी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30) निवासी जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब छह महीने से ग्राम टोकरो स्थित तालाब में चौकीदार के रूप में कार्य कर रहा था। मंगलवार को उसका शव तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच शुरू की थी।

घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस का संदेह मृतक की पत्नी तिजिया सिदार (26) पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और आए दिन विवाद तथा मारपीट करता था। लगातार घरेलू कलह और कथित प्रताड़ना से तंग आकर उसने पति की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, महिला ने साड़ी से गला घोंटकर परमेश्वर सिदार की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!