रायपुर। रायपुर जिले के तिल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत सासाहोली गांव में एक मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। 10वीं कक्षा पास कर चुके 16 वर्षीय छात्र की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि घटना में घायल एक अन्य किशोर का अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और आपस में मित्र बताए जा रहे हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों किशोरों के बीच विवाद की शुरुआत 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान हुई थी। बताया जा रहा है कि घायल किशोर ने मृतक छात्र अमन यदु को “मोटा” कहकर चिढ़ाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय अमन यदु ने दूसरे किशोर को रास्ते में बुलाया। इसके बाद वह अपने घर से सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया और कथित रूप से किशोर के गले पर वार कर दिया।

अचानक हुए हमले के बाद घायल किशोर ने बचाव के दौरान चाकू छीन लिया और अमन पर पलटवार कर दिया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों किशोरों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान अमन यदु की मौत हो गई। वहीं दूसरे किशोर का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार मृतक अमन यदु और घायल किशोर दोनों सासाहोली गांव के निवासी हैं तथा हाल ही में 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों किशोरों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। घायल किशोर के पिता शिक्षक हैं। दोनों परिवार एक-दूसरे के परिचित हैं और उनके घर भी एक ही वार्ड में करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित हैं।

घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क है। हालांकि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है। तिल्दा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि किशोरों के बीच मामूली कहासुनी और भावनात्मक तनाव किस तरह गंभीर हिंसा का रूप ले सकता है। एक छोटी सी तकरार ने दो परिवारों की जिंदगी बदल दी, जहां एक घर ने अपना बेटा खो दिया तो दूसरा परिवार भी गंभीर संकट का सामना कर रहा है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!