दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुम्हारी में चार लोगों के जिंदा जलने की घटना के बाद अब मोहन नगर थाना क्षेत्र के आर्यनगर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों और मिले साक्ष्यों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), 13 वर्षीय बेटी दृष्णा और बेटे शशांक के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर दुर्ग रेंज के DIG विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, फॉरेंसिक टीम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह और रहस्यमयी था। दोनों बच्चों के शव कमरे में रखे दीवान के अंदर मिले, जबकि मां चंचल साहू का शव फंदे पर लटका हुआ था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला। वहीं गोविंद साहू का शव दूसरे कमरे में पाया गया। इन परिस्थितियों ने मामले को साधारण आत्महत्या से कहीं अधिक संदिग्ध बना दिया है।

घटना के समय घर के दूसरे हिस्से में गोविंद साहू की मां, छोटा भाई, उसकी पत्नी और बच्चे भी मौजूद थे, लेकिन किसी को इस भयावह घटना की भनक तक नहीं लगी। परिवार के सदस्यों के अनुसार, गोविंद रोज सुबह ध्यान लगाने के बाद कमरे से बाहर निकलते थे, लेकिन शुक्रवार को देर तक बाहर नहीं आने पर उनकी मां कमरे में देखने गईं। दरवाजा खुलते ही चारों के शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पड़ोसियों और रिश्तेदारों के मुताबिक यह परिवार बेहद खुशहाल और मिलनसार था। पड़ोसी हरभजन कौर ने बताया कि साहू परिवार करीब 40 वर्षों से इलाके में रह रहा था और उनका कभी किसी से विवाद नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि महज एक सप्ताह पहले ही पूरा परिवार तिरुपति बालाजी के दर्शन कर लौटा था, जहां पति-पत्नी ने मुंडन भी कराया था।

परिवार के करीबी सुनील कोहले के अनुसार, गुरुवार रात तक घर का माहौल पूरी तरह सामान्य था। गोविंद का छोटा भाई हाल ही में जगन्नाथ पुरी यात्रा से लौटा था और सभी ने साथ बैठकर भोजन किया था। देर रात गोविंद को पास की दुकान पर सोडा पीते हुए भी देखा गया था। उन्होंने बताया कि गोविंद शेयर मार्केट का काम करते थे और उनका दुबई में भी ऑफिस बताया जा रहा है। वे जल्द ही दुबई जाने की तैयारी में थे।

पुलिस को घटनास्थल से दो पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उसमें पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव जैसी बातें लिखी गई हैं। हालांकि पुलिस अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है। वहीं यह चर्चा भी सामने आई है कि गोविंद साहू शेयर मार्केट में नुकसान और कर्ज के दबाव से परेशान चल रहे थे।

प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि बच्चों को पहले जहर दिया गया और बाद में पति-पत्नी ने आत्महत्या की। लेकिन पत्नी के मुंह में कपड़ा ठूंसे होने के कारण मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!