सूरजपुर। सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत उमझर के स्कूलपारा में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। यहां एक मकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में ग्राम पंचायत के पूर्व सचिव ईश्वर सिंह आयाम की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना पर प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक मृतक ईश्वर सिंह आयाम घटना के वक्त अपने घर के अंदर मौजूद थे, तभी अचानक घर में आग लग गयी। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला और वे आग की लपटों में घिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की पूरी कोशिश कीए लेकिन आग की तीव्रता के चलते घर के अंदर फंसे ईश्वर सिंह को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही मोहरसोप पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे उमझर गांव में शोक की लहर है। ईश्वर सिंह आयाम गांव में एक जिम्मेदार और सम्मानित व्यक्ति के रूप में पहचाने जाते थे। उनकी अचानक हुई इस भयावह मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। Post Views: 32 Please Share With Your Friends Also Post navigation 25 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की कार्रवाई से मचा हड़कंप…