जांजगीर-चांपा। जिला जेल में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। जेल के बाथरूम में एक बंदी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने के बाद आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह जब सफाईकर्मी नियमित सफाई के लिए बाथरूम पहुंचे, तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। एक कैदी का शव खिड़की से बने फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना तत्काल जेल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया।

मृतक की पहचान दुवास राम केंवट के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के जवाली गांव का निवासी था। उसे नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने, अपहरण और दुष्कर्म से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया गया था। बलौदा पुलिस ने 8 जून को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेजा था।

बताया जा रहा है कि जेल में दाखिल होने के महज एक दिन बाद ही उसका शव बाथरूम में उसके ही कपड़ों से बनाए गए फंदे के सहारे लटका मिला। घटना के बाद जेल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस, फॉरेंसिक विशेषज्ञों और साइबर सेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। जांच अधिकारी जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज, जेल स्टाफ और अन्य बंदियों से पूछताछ कर रहे हैं।

जांजगीर सीएसपी योगिता खापर्डे ने बताया कि मृतक को अपहरण और अनाचार के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!