अंबिकापुर। सरगुजा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोरी से कथित अनाचार के मामले में समझौते के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने सरपंच समेत 7 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। आरोप है कि पीड़ित परिवार पर 8 लाख रुपये में समझौता करने का दबाव बनाया गया और इसके लिए गांव में बैठक बुलाकर पंचनामा तैयार कर हस्ताक्षर भी कराए गए।

मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार

मामला 13 वर्षीय किशोरी से कथित तौर पर बलपूर्वक अनाचार से जुड़ा है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी तरुण जायसवाल को बिहार के पटना से गिरफ्तार किया था।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पीड़ित परिवार पर समझौते के लिए कथित दबाव बनाए जाने का मामला सामने आया है।

गांव में बैठक बुलाकर समझौते का आरोप

शिकायत के मुताबिक, मामले को खत्म करने के लिए पीड़ित परिवार पर कथित तौर पर 8 लाख रुपये में समझौता करने का दबाव बनाया गया। आरोप है कि इसके लिए गांव में बैठक बुलाई गई और भरी सभा में समझौते का पंचनामा तैयार कर पीड़ित पक्ष से हस्ताक्षर कराए गए।

मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

सरपंच समेत 7 लोगों पर अपराध दर्ज

पुलिस ने ग्राम पंचायत भफौली के सरपंच जगजीवन राम सहित कुल 7 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 249(B), 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 21(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

हालांकि, मामले में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े साक्ष्यों एवं बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस जांच में जुटी

नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि समझौते के लिए दबाव बनाने में कौन-कौन लोग शामिल थे और बैठक में वास्तव में क्या हुआ था। पुलिस के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!