रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की ओर से राज्य के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटे बेहद भारी रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम अलर्ट जारी होते ही लोगों के मोबाइल फोन पर अचानक इमरजेंसी वेदर अलर्ट (सायरन) बजने लगा, जिससे कई लोग घबरा गए। मौसम विभाग ने कई जिलों में रेड अलर्ट, जबकि कुछ जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी

मौसम विभाग के अनुसार, प्रभावित जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान चलने की संभावना है। इसके साथ ही भारी बारिश, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई है।

इन जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

धमतरी, बालोद और कोरिया समेत आसपास के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां भी तेज बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

दक्षिण बस्तर में येलो अलर्ट

वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर सहित दक्षिण बस्तर के जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मोबाइल पर क्यों बजा अलर्ट सायरन?

सरकार की सेल ब्रॉडकास्ट (Cell Broadcast) आपदा चेतावनी प्रणाली के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद लोगों के मोबाइल फोन पर स्वतः इमरजेंसी अलर्ट भेजा गया। इसका उद्देश्य लोगों को समय रहते संभावित खतरे की जानकारी देना और सतर्क करना है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहें तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!