कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पसान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपरिया के सीपतपारा में एक कलयुगी भतीजे ने अपने ही 85 वर्षीय सगे चाचा पर टांगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बबन राम यादव (85 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की है। रोज की तरह बबन राम यादव सुबह अपने घर के पास मवेशियों को चारा देने के लिए गए हुए थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे उनके भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव ने उन पर टांगिया से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बुजुर्ग बबन राम को संभलने का मौका तक नहीं मिला और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने आज सुबह इस खूनी वारदात का रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी सोनू उर्फ अशोक यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में सनसनी और मातम का माहौल है। Post Views: 6 Please Share With Your Friends Also Post navigation कल लगेगा नौकरी का मेला, 10000-50000 रुपये तक मिलेगी सैलरी, 8वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन