दमोह :- मध्यप्रदेश के दमोह जिले में मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। पति ने कथित पारिवारिक विवाद और पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते सोते समय पत्नी और तीन बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात में पत्नी समेत तीनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति द्वारका पटेल को पुलिस ने कुल्हाड़ी के साथ मौके से हिरासत में लिया।

वारदात के बाद पुलिस आरोपी द्वारका पटेल को देर रात स्वास्थ्य परीक्षण के लिए बटियागढ़ अस्पताल लेकर पहुंची। कड़ी सुरक्षा के बीच उसका मेडिकल कराया गया। इस दौरान मीडिया के सवाल पर आरोपी ने पत्नी पर चरित्र को लेकर संदेह होने की बात कही। उसने दावा किया कि पत्नी छोटे भाई के संपर्क में थी और मना करने के बावजूद नहीं मान रही थी। आरोपी ने यह भी बताया कि करीब ढाई महीने पहले हुए विवाद में उसने पत्नी की गर्दन पर हंसिया से हमला किया था। उसके मुताबिक, इसके बाद भी विवाद जारी रहा और शनिवार सुबह उसने पत्नी व बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान खेमा पटेल (पत्नी), उर्मिला पटेल (7), उमेश पटेल (4) और राजा पटेल (1) के रूप में हुई है। मृतका के पिता ने बताया कि द्वारका और खेमा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते बेटी कुछ समय मायके में भी रही थी और कुछ दिन पहले ही ससुराल लौटी थी। परिजनों के मुताबिक, खेमा ने पूर्व में पति के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। मृतका के चाचा ने आरोप लगाया कि द्वारका को अपनी पत्नी और छोटे भाई के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

चार लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि सुबह सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। आरोपी को कुल्हाड़ी के साथ घटनास्थल से अभिरक्षा में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच करीब एक साल से विवाद की बात सामने आई है। एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि आरोपी पुलिस अभिरक्षा में है और मामले की लगातार जांच की जा रही है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!