दुर्ग। जन्मदिन की खुशियां मनाने पहुंचे दोस्तों के लिए शनिवार का दिन जिंदगी भर का दर्द बन गया। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गनियारी और पीपरछेड़ी के पास स्थित शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से दो किशोर लापता हो गए। घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बाद एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को आठ दोस्त अपने एक साथी का जन्मदिन मनाने के लिए शिवनाथ नदी के किनारे पहुंचे थे। जन्मदिन मनाने के बाद कुछ दोस्त नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान नदी के तेज बहाव और गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दो किशोर पानी में बह गए। साथियों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बहाव इतना तेज था कि दोनों देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने नदी में गहरे पानी तक उतरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान रेहान खान (14 वर्ष), पिता नदीम खान, निवासी बॉम्बे आवास, उरला के रूप में हुई है। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरे किशोर की तलाश जारी एसडीआरएफ की टीम देर शाम तक नदी में दूसरे लापता किशोर की तलाश में जुटी रही। प्रशासन का कहना है कि जब तक लापता किशोर का पता नहीं चल जाता, तब तक रेस्क्यू अभियान जारी रहेगा। रेहान की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। Post Views: 14 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG Crime: प्रताड़ना मामले में पति और ससुर गिरफ्तार, कई महीनों से थे फरार