जांजगीर-चांपा। शिक्षक को स्कूल में शिक्षिका के साथ आशिकमिजाजी भारी पड़ गयी। नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोड़सरा के एक शासकीय स्कूल में शिक्षक और शिक्षिका का कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर हुई विभागीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई जांच जानकारी के अनुसार, पिछले दिनों सोशल मीडिया पर स्कूल परिसर के भीतर शिक्षक और शिक्षिका के कथित आपत्तिजनक आचरण का वीडियो वायरल हुआ था। मामला सामने आते ही जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए।जांच के दौरान विद्यालय के स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए, जिनमें संबंधित शिक्षक और शिक्षिका की पहचान की गई। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन माना। इसके आधार पर दोनों शिक्षकों के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में यहां रहेगा मुख्यालय शिक्षा विभाग के आदेश के अनुसार निलंबित शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ तथा संबंधित शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अकलतरा निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमानुसार जीवन-निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।शिक्षा विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि शासकीय शिक्षकों से उच्च नैतिक मूल्यों, अनुशासन और आदर्श आचरण की अपेक्षा की जाती है। विद्यालय जैसे पवित्र और अनुशासित परिसर में इस प्रकार की घटनाएं न केवल शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के बीच भी गलत संदेश देती हैं।विभाग ने दो टूक कहा है कि भविष्य में भी शिक्षकों के आचरण से जुड़े ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। Post Views: 47 Please Share With Your Friends Also Post navigation बिलासपुर जोन की 5 प्रमुख ट्रेनें 20 से 40 दिन तक रहेंगी रद्द, ट्रैक मरम्मत के लिए रेलवे का मेगा ब्लॉक नकटी अतिक्रमण: 14 करोड़ की सरकारी जमीन पर कब्जा, फिर भी “गरीबी” का ढोंग?