धमतरी। धमतरी जिले में एक मछली कारोबारी की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मजदूरी बढ़ाने की मांग और कथित दुर्व्यवहार से नाराज मजदूरों ने अपने ही मालिक को घेरकर चाकू से 40 से ज्यादा वार किए और फिर 37 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक विप्लव मंडल (55) गरियाबंद जिले के बोइरगांव दर्रीपारा के रहने वाले थे और धमतरी में मछली का कारोबार करते थे। 27 जून की रात वे अपने कर्मचारी चुम्मन यादव के साथ दुकान बंद कर लौट रहे थे, तभी नगरी थाना क्षेत्र के गोरेगांव-भैंसमुड़ा रोड पर पहले से घात लगाए बैठे मजदूरों ने उन पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने पहले विप्लव मंडल के सिर पर वार किया और फिर कर्मचारी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। चुम्मन किसी तरह वहां से भाग निकला, जबकि हमलावरों ने कारोबारी पर दो चाकुओं से लगातार 40 से ज्यादा वार कर दिए। पुलिस के मुताबिक हमले की बर्बरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतक के शरीर पर गहरे घाव मिले।

ग्रामीणों ने गंभीर हालत में विप्लव मंडल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या में फिश फार्म में काम करने वाले मजदूर शामिल हैं।

पुलिस ने टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) को गिरफ्तार कर लिया है। इनके अलावा दो नाबालिग भी इस वारदात में शामिल पाए गए हैं, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। कर्मचारी चुम्मन यादव को भी मामले में सह-आरोपी बनाया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से मजदूरी बढ़ाने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उनका आरोप था कि कारोबारी उनके साथ गाली-गलौज और खराब व्यवहार करता था। इसी रंजिश में 25 जून को हत्या की योजना बनाई गई थी, लेकिन उस दिन वे सफल नहीं हो सके। आखिरकार 27 जून को उन्होंने सुनसान इलाके में घेरकर वारदात को अंजाम दे दिया।

हमले के बाद आरोपी मृतक के पास रखे 37 हजार रुपए और मोबाइल लेकर फरार हो गए थे, जिन्हें बाद में आपस में बांट लिया गया।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!