नारायणपुर। बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित सेंट जेवियर स्कूल में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और लंबे समय तक शोषण के मामले को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को नारायणपुर सर्व सेन समाज ने छत्तीसगढ़ सर्व सेन समाज के बैनर तले राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि स्कूल के एक शिक्षक पर नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म और लगातार शोषण करने के गंभीर आरोप लगे हैं। साथ ही यह भी आरोप है कि मामले की जानकारी स्कूल के अन्य शिक्षकों और प्रबंधन को होने के बावजूद समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई। सर्व सेन समाज ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। समाज के प्रतिनिधियों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं और इन पर सख्त संदेश जाना आवश्यक है। ज्ञापन सौंपने पहुंचे समाज के पदाधिकारियों ने स्कूल प्रशासन की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि मामले में किसी प्रकार की लापरवाही या जानकारी छिपाने की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जानी चाहिए। इस दौरान नारायणपुर सर्व सेन समाज युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष रौशन ठाकुर, सेलून संघ जिला अध्यक्ष प्रकाश सेन, सर्व सेन समाज जिला उपाध्यक्ष ओमकार कौशिक, बालेश्वर सेन, योगेंद्र, रवि, गजेंद्र, गन्ना, सुदर्शन सहित सर्व सेन समाज और सेलून संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। Post Views: 10 Please Share With Your Friends Also Post navigation ना लग्जरी कार, ना करोड़ों का खर्च… इस खास गाड़ी पर दुल्हन लेने पहुंचा दूल्हा, देख हर कोई हुआ हैरान, आप भी देखें वीडियो