बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज युवक ने युवती के पिता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह पूरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है और गैरेज में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार आरोपी युवक साहिल मरावी ने पहले खुद को अलग सरनेम बताकर युवती के परिवार से संपर्क किया और शादी की बात शुरू की थी। बाद में उसकी असली पहचान सामने आने पर परिवार ने रिश्ता करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इनकार के बाद भी आरोपी लगातार युवती और उसके परिवार पर दबाव बना रहा था। इसी बीच सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी घर के पास स्थित गैरेज में अपनी बाइक बनवा रहे थे, तभी आरोपी वहां पहुंचा और अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में आरोपी ने पिता पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। CCTV फुटेज में आरोपी को लगातार चाकू से वार करते हुए देखा गया है, जबकि घायल व्यक्ति बचाव की कोशिश करता नजर आता है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी परिवार को परेशान कर रहा था और एक शिकायत पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, जिससे यह गंभीर घटना हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। Post Views: 17 Please Share With Your Friends Also Post navigation पुरूषोत्तम मास पर खुलेंगे किस्मत के ताले!!:करें ये खास उपाय छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, 14 जिलों में बारिश-आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट