कोरबा : छत्तीसगढ़ में कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के तहत आने वाले केदई पतुरीडाड़ गांव में एक ग्रामीण पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। 56 वर्षीय भोला राम गोंड़ बकरियां चराने जंगल गए थे, तभी जंगली जानवर ने हमला कर दिया। इस हमले में भोला राम घायल हो गए। उन्हें कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीण का दावा- बाघ ने किया हमला

भोला राम के अनुसार, उन पर हमला करने वाला जानवर बाघ था, जिसे उन्होंने अपनी आंखों से देखा। घटना के वक्त वे बकरियों को लेकर जंगल से गांव की ओर लौट रहे थे, तभी झाड़ियों से अचानक एक बाघ निकला और उनके हाथ पर हमला कर भाग गया। उन्होंने शोर मचाया, जिससे बकरियां इधर-उधर भाग गईं। किसी तरह वे गांव पहुंचे और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद 108 एम्बुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

वन विभाग का दावा- लकड़बग्घे का हमला

हालांकि, वन विभाग ग्रामीण के इस दावे से सहमत नहीं है। कटघोरा डीएफओ निशांत झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हमलावर जानवर लकड़बग्घा होने की आशंका है। घायल ग्रामीण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरगा में भर्ती कराया गया और वन विभाग द्वारा 500 रुपए की सहायता राशि दी गई।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग की टीम अलर्ट

घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है। बाघ की खबर सुनते ही लोग जंगल की ओर जाने से डरने लगे हैं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है, ताकि स्पष्ट हो सके कि हमला बाघ का था या लकड़बग्घे का। गौरतलब है कि इससे पहले भी कटघोरा वन मंडल में बाघ देखे जाने की पुष्टि हो चुकी है। इसके बाद वन विभाग ने इलाके में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी थी और जंगल में जाने से मना किया था। अब यह जांच के बाद ही साफ होगा कि इस हमले के पीछे बाघ है या कोई और जंगली जानवर।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!