कोरबा। छत्तीसगढ़ के Korba जिले से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कोरकोमा क्षेत्र के अंतर्गत कुदमुरा रेंज स्थित धान उपार्जन केंद्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक जंगली हाथी ने मंडी प्रभारी को कुचलकर मार डाला। इस हमले में 42 वर्षीय राजेश कुमार सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कुदमुरा धान उपार्जन केंद्र जंगल के बीच स्थित है और यहां अक्सर जंगली हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। लगातार धान चोरी की घटनाओं के चलते राजेश सिंह और उनकी पत्नी केंद्र परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाकर वहीं रहकर निगरानी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि देर रात अचानक एक जंगली हाथी केंद्र परिसर में घुस आया। हाथी पहले भी कई बार धान खाने के लिए केंद्र में प्रवेश कर चुका था। इस बार उसका सामना सीधे प्रभारी राजेश सिंह से हो गया। देखते ही देखते हाथी ने उन पर हमला कर दिया और उन्हें कुचल दिया। पत्नी की चीख-पुकार के बावजूद रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे तत्काल मदद नहीं मिल सकी। घटना की सूचना ग्रामीणों और वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। हालांकि वन अमले के अनुसार, हाथी अब भी आसपास के क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कुदमुरा उपार्जन केंद्र में धान का उठाव समय पर नहीं किया गया, जिसके कारण बड़ी मात्रा में धान खुले में पड़ा था। इसी वजह से हाथियों का लगातार आकर्षण इस केंद्र की ओर बना हुआ था। यह पहली बार नहीं है जब हाथी धान मंडियों में पहुंचे हों। क्षेत्र में अक्सर जंगली हाथी भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों और मंडियों तक आ जाते हैं। वन विभाग और ग्रामीण मिलकर उन्हें खदेड़ने की कोशिश करते रहते हैं, लेकिन जंगल से सटे इलाकों में यह खतरा लगातार बना रहता है। Post Views: 33 Please Share With Your Friends Also Post navigation सनकी युवक की करतूत से हड़कंप, एक तरफा प्यार में नाबालिग के घर में घुसकर चाकू की नोंक पर परिवार को धमकाया