बस्ती। उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में 12वीं कक्षा की एक छात्रा की एक युवक ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। युवक पर छात्रा से पहले भी छेड़छाड़ करने का आरोप था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार को कलवारी थाना क्षेत्र के बैरादी अहतमाली माईपुर गांव में हुई, जब 18 वर्षीय छात्रा अपने घर के बरामदे में सो रही थी तभी आरोपी ने उस पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने बताया कि लड़की को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, हालांकि परिवार के सदस्य एक युवक पर संदेह जता रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।’’ उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक और सर्विलांस टीम को मामले की जांच में लगाया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। छात्रा की मां ने गांव के निवासी 22 वर्षीय मनदीप पासवान पर उनकी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनके पति पंजाब में काम करते हैं, जबकि वह अपनी बेटी और बेटे के साथ गांव में रहती हैं।

शारीरिक संबंध बनाने के लिए किया मजबूर

महिला ने आरोप लगाया कि 19 दिसंबर 2025 को मनदीप पासवान ने उनकी बेटी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की और शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने के उद्देश्य से उनकी बेटी का एक अश्लील वीडियो बनाया। आरोपी ने उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव भी डाला। इस घटना के संबंध में कलवारी थाने में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। छात्रा की मां ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया और न्याय की मांग की।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!