गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामला राजिम थाना क्षेत्र के ग्राम रॉवड से जुड़ा है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए जेवरात बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, ग्राम रॉवड निवासी प्रार्थी बीते 20 फरवरी को अपने पूरे परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम चंपारण गए हुए थे। परिवार के घर से बाहर रहने का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोर ने सूने मकान को निशाना बनाया। आरोपी ने घर में घुसकर सोना-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। परिवार के लौटने पर जब घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला, तब चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद प्रार्थी ने तत्काल राजिम थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र का सहारा लिया। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस का शक एक युवक पर गया। संदेह के आधार पर पुलिस ने जितेंद्र कुमार साहू, निवासी ग्राम चंपारण, थाना गोबर नवापारा, जिला रायपुर को हिरासत में लिया। हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में आरोपी शुरू में टालमटोल करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोना-चांदी के जेवरात बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 96,000 रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए जेवरात में सोने और चांदी के कई कीमती आभूषण शामिल हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की विवेचना जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने यह वारदात अकेले की या इसमें अन्य लोग भी शामिल थे। Post Views: 27 Please Share With Your Friends Also Post navigation CG: प्रेम–प्रसंग में युवती ने नहरगांव पुल से लगा दी छलांग, प्रेमी ने पहले शादी की, फिर बन गया बेवफा