रायपुर। रायपुर जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-53 से लगे उमरिया धान खरीदी केंद्र के पास खड़े एक संदिग्ध मालवाहक वाहन से पुलिस ने 15 भैंसें बरामद की हैं। वाहन में क्षमता से अधिक मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। दम घुटने और भूख-प्यास के कारण 13 भैंसों की मौत हो गई, जबकि दो मवेशी जीवित मिले। वाहन चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, मालवाहक वाहन (क्रमांक MP 07 GA 9910) काफी समय से उमरिया धान खरीदी केंद्र के पास संदिग्ध स्थिति में खड़ा था। स्थानीय ग्रामीणों को संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की, तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। वाहन में बड़ी संख्या में भैंसें भरी हुई थीं। इनमें से 13 की मौत हो चुकी थी, जबकि दो जीवित मिलीं। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो चुका था।

बड़े अंतरराज्यीय गिरोह की आशंका

प्रारंभिक जांच में मामले के तार किसी बड़े मवेशी तस्करी गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह वाहन कहां से आया था, मवेशियों को कहां ले जाया जा रहा था और गाड़ी को धान खरीदी केंद्र के पास लावारिस क्यों छोड़ा गया।

मामले में मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग को सूचित कर दिया गया है। सभी मृत मवेशियों का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सके। फरार चालक और वाहन मालिक की तलाश जारी है।

नेशनल हाईवे-53 जैसे व्यस्त और मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से मवेशियों का इस प्रकार परिवहन होना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है। इस घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों और पशु प्रेमियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!