रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की बारिश, गरज-चमक और अंधड़ की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम का यह सिलसिला 4 अप्रैल तक जारी रह सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 40.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2.9°C अधिक रहा। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.6°C रिकॉर्ड किया गया। बस्तर और बिलासपुर संभाग में हुई बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तर ईरान और कैस्पियन सागर के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि पंजाब-हरियाणा के आसपास प्रेरित चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश होते हुए छत्तीसगढ़ और ओडिशा तक एक प्रमुख द्रोणिका फैली हुई है।

इसके अलावा पूर्वी भारत में भी मौसम सक्रिय है, जहां उत्तर-पूर्व बिहार से मणिपुर तक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका बनी हुई है। पश्चिमी विदर्भ से दक्षिण तमिलनाडु और बिहार से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक भी अलग-अलग द्रोणिकाएं सक्रिय हैं। इन सभी सिस्टम्स के प्रभाव से प्रदेश में मौसम अस्थिर बना हुआ है।

मौसम विभाग का कहना है कि 31 मार्च को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक, वज्रपात और ओले गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है, हालांकि बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। कुल मिलाकर आने वाले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!