आरंग। रायपुर जिले के आरंग में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां अपनी कार समय पर ठीक नहीं होने से नाराज वाहन मालिक ने गुस्से में आकर खुद ही अपनी कार को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान आग की चपेट में आने से वह स्वयं भी झुलस गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना आरंग के ब्लॉक कॉलोनी वार्ड क्रमांक-5 की है। बताया जा रहा है कि गालव सोनकर नामक युवक ने अपनी टाटा विस्टा कार को मरम्मत के लिए एक गैरेज में दिया था। आरोप है कि करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद वाहन की मरम्मत पूरी नहीं की गई, जिससे वह लगातार परेशान था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लंबे समय से वाहन नहीं मिलने और मरम्मत में हो रही देरी से नाराज गालव सोनकर का धैर्य जवाब दे गया। गुस्से में उसने अपनी ही कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही कार धू-धू कर जलने लगी। इस दौरान आग की लपटों की चपेट में आने से गालव सोनकर भी झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और घटना की सूचना पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को दी। घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उसे आग से झुलसने की चोटें आई हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर खड़ी कार में लगी आग को देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और वाहन मालिक ने यह कदम क्यों उठाया। फिलहाल घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत में देरी से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया, हालांकि पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। Post Views: 17 Please Share With Your Friends Also Post navigation Raipur Gangrape Case: नाबालिग से गैंगरेप मामले में SP का एक्शन, चौकी प्रभारी सस्पेंड CG Weather Update: रायपुर में 42 डिग्री पहुंचा पारा, अगले 7 दिन और तपेगी राजधानी; जानें मौसम का हाल…