बिलासपुर। बिलासपुर की सेंट्रल जेल से सनसनीखेज घटना सामने आई है. मंगलवार सुबह जेल में एक विचाराधीन बंदी की हत्या कर दी गई. घटना जेल की ई-1 बैरक में हुई, जहां एक बंदी ने दूसरे बंदी पर सीमेंट के ढक्कन से हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल बंदी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान नीलू जगत के रूप में हुई है, जो नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में जेल में बंद था.

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे ई-1 बैरक में बंद आरोपी राजेश राय ने अचानक नीलू जगत पर सीमेंट के ढक्कन से ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

सेंट्रल जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राजेश राय पहले से ही ट्रिपल मर्डर और हत्या के प्रयास के दो मामलों में सजा काट रहा है. फिलहाल उसने नीलू जगत पर हमला का कारण क्या था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है.

घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया. पुलिस और जेल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है. बैरक में मौजूद अन्य बंदियों से भी पूछताछ की जा रही है. इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!