बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। सिमगा विकासखंड के ग्राम हथबंद स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में लोहे का भारी-भरकम मुख्य गेट गिरने से एक 7 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई है। इस गंभीर हादसे के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर जवाब तलब किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बलौदाबाजार-भाटापारा ने स्कूल के प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर घटना को लेकर तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

खेल-खेल में हुआ दर्दनाक हादसा

मृतक बच्चे की पहचान शिवम यादव (7 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रतनपुर का रहने वाला था और तीजा (तीज) पर्व के मौके पर अपने नानी/मामा के घर हथबंद आया हुआ था।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 13 सितंबर 2026 को जारी किए गए नोटिस में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) सिमगा की रिपोर्ट और मीडिया रिपोर्टों का हवाला दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, स्कूल के बाहरी अहाते (बाउंड्रीवॉल) में लगे मुख्य लोहे के गेट के पास बच्चा खेल रहा था। इसी दौरान जर्जर हो चुका भारी-भरकम गेट अचानक उखड़कर मासूम के ऊपर गिर गया। इस हादसे में गेट के नीचे दबने से बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

3 महीने से जर्जर था गेट, प्रबंधन ने की अनदेखी

स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है, स्कूल का यह मुख्य गेट पिछले 3 महीनों से बेहद जर्जर और खराब स्थिति में था, जो महज एक पट्टी और कील के सहारे टिका हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर हो चुके कंक्रीट कॉलम और गेट की जानकारी होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई। स्कूल प्रशासन की इसी घोर लापरवाही की वजह से आज एक हंसते-खेलते मासूम की जान चली गई।

शिक्षा विभाग की सख्त कार्रवाई

हादसे को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्राचार्य को नोटिस जारी कर पूछा है कि इतनी बड़ी लापरवाही के लिए क्यों न उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। शिक्षा विभाग ने इस मामले में तत्काल विस्तृत स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ आगे की कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

By Chhattisgarh Kranti

हमारी कोशिश इस वेबसाइट के माध्यम से आप तक राजनीति, खेल, मनोरंजन, जॉब, व्यापार देश विदेश इत्यादि की ताजा और नियमित खबरें आप तक पहुंच सकें। नियमित खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। जय जोहार ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!